जून 2024 में वेस्टइंडीज़ और USA में होने होनेवाले ICC टी20 विश्व कप 2024 में रोहित शर्मा भारतीय टीम के कप्तान होंगे और हार्दिक पंड्या होंगे उप-कप्तान। इसकी पुष्टि ख़ुद BCCI के सचिव जय शाह ने राजकोट में आयोजित एक इवेंट में मीडिया से चर्चा के दौरान की।
रोहित शर्मा टी20 विश्व कप में भारत की कप्तानी दूसरी बार करेंगे। रोहित 2022 के टी20 विश्व कप में भारत के कप्तान थे और सेमीफ़ाइनल में भारत को इंग्लैंड के हाथों हार झेलनी पड़ी थी।
रोहित शर्मा ने साल 2023 में एक भी टी20 अंतर्राष्ट्रीय मैच नहीं खेला था। हालांकि 2024 की शुरुआत में उन्होंने अफ़ग़ानिस्तान के ख़िलाफ़ तीन टी20 मैचों की श्रृंखला में वापसी की, और भारत की कप्तानी की थी।
अफ़ग़ानिस्तान के ख़िलाफ़ टी20आई प्रारूप में वापसी करने के बाद रोहित पहले दो मैच में अपना खाता तक नहीं खोल पाए थे लेकिन अंतिम मैच में उन्होंने नाबाद 121 रन की रिकॉर्ड पारी खेली, जो टी20 अंतर्राष्ट्रीय में रोहित का पांचवां शतक था।
